चमोली में मुख्यमंत्री घोषणाओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना निदेशक को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर एस्टीमेट, भूमि चयन और कार्यदायी संस्थाओं के निर्धारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
वन संबंधी मामलों पर भी फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं में वन विभाग से जुड़े मामले लंबित हैं, उनका निरंतर फॉलोअप किया जाए, ताकि योजनाएं समय पर पूरी हो सकें और अनावश्यक देरी से बचा जा सके।
अधिकारियों को सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश
उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और जहां भी बाधाएं आ रही हैं, उन्हें चिन्हित कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
48 में से 29 घोषणाएं पूरी
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी ने बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा कुल 48 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 29 पूरी हो चुकी हैं, 12 अभी अपूर्ण हैं, 6 पर कार्य प्रगति पर है, जबकि एक घोषणा आंशिक रूप से पूर्ण हुई है।
डीएम ने अपूर्ण और प्रगति पर चल रही सभी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, डीडीओ केके पंत, युवा कल्याण अधिकारी डीएन द्विवेदी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








