Home उत्तराखंड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज

4
0

देहरादून। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी, जबकि 13 जून को वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी।
दौरे को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सुरक्षा, यातायात, आवास, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह त्रुटिरहित और चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी किया जा रहा है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।