Home उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गोपेश्वर में चला स्वच्छता अभियान, स्वच्छता की दिलाई...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गोपेश्वर में चला स्वच्छता अभियान, स्वच्छता की दिलाई शपथ

3
0

गोपेश्वर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली एवं नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
जनपद न्यायाधीश विंध्याचल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य योग दिवस को व्यवहारिक रूप से सार्थक बनाना था। अभियान के तहत जिलाधिकारी कार्यालय गोपेश्वर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद बालिका इंटर कॉलेज से गैस गोदाम, मंडल रोड तक श्रमदान कर क्षेत्र में बिखरे जैविक एवं अजैविक कूड़े-कचरे को एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को पृथक्करण के लिए निर्धारित डंपिंग जोन भेजा गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत, वन विभाग के कर्मचारी, जिला न्यायालय के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश विंध्याचल सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं सचिव पुनीत कुमार ने कहा कि योग मनुष्य और प्रकृति के बीच संतुलन एवं सामंजस्य का प्रतीक है। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखे और स्वच्छ समाज तथा स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान दे।