Home ब्रेकिंग न्यूज़ चमोली में बारिश-बर्फबारी का दौर, बद्रीनाथ और हेमकुंड में श्रद्धालु उत्साहित

चमोली में बारिश-बर्फबारी का दौर, बद्रीनाथ और हेमकुंड में श्रद्धालु उत्साहित

4
0

चमोली। मौसम विभाग द्वारा बारिश और बर्फबारी को लेकर जारी पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक साबित हुआ है। शनिवार को जनपद चमोली के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और नीति घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।
मौसम में बदलाव के चलते जिले के तापमान में भी गिरावट आई है। बारिश और बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। श्रद्धालु बारिश और बर्फबारी के बीच अपने आराध्य के दर्शन कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क है। प्रशासन की ओर से जनपद के सभी थाना क्षेत्रों और तहसीलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रदेश के कुछ अन्य जनपदों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि चमोली जनपद में फिलहाल सभी विद्यालय सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है। प्रशासन की ओर से मौसम में किसी भी तरह के बदलाव को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।