Home एक नज़र में चारा उत्पादन से पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा, 60 पशुपालक हुए लाभान्वित

चारा उत्पादन से पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा, 60 पशुपालक हुए लाभान्वित

3
0

चमोली:सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग की ओर से गुरुवार को दशोली विकासखंड के राजकीय पशु चिकित्सालय चमोली में चारा घास प्रदर्शनी एवं जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के 60 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया।

इस दौरान पशुपालकों को पौष्टिक चारा उत्पादन, पशु स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम, टीकाकरण और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालकों को 300 किलोग्राम जई और 20 किलोग्राम बरसीम के बीज वितरित किए गए।

गोष्ठी में वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत भट्ट ने पशुओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक चारे के महत्व, उसके गुणों तथा पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों को चारा फसलों की खेती को बढ़ावा देने और पशुओं के लिए पर्याप्त पौष्टिक आहार की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया।

राजकीय पशु चिकित्सालय बछेर की पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनु ने पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों, उनके निदान और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया। वहीं, क्षेत्र प्रसार अधिकारी सुधीर चमोली ने पशुपालकों को लाइवस्टॉक योजना की जानकारी देते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

गोष्ठी का संचालन एवं समन्वयन पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी पीयूष चौहान ने किया। कार्यक्रम में पशुधन प्रसार अधिकारी अशोक बिष्ट, ग्राम प्रधान हुडुंग लगा सैजी भगत सिंह आजाद, जयवीर सिंह, त्रिलोक सिंह राणा, आरती देवी, बीना देवी, दीक्षा देवी, दशोली विकासखंड के कोठियालसैंण, खैनूरी, हरमानी, क्षेत्रपाल, छिनका, अपर चमोली और दुशात सहित अन्य गांवों के पशुपालकों ने प्रतिभाग किया।