ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बची चार युवकों की जान, एक युवक को कमर में हल्की चोट
थराली/चमोली। सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे थाला गधेरे के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्वालदम से कर्णप्रयाग की ओर जा रही हरियाणा नंबर की बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार युवक सवार थे। बोलेरो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद गनीमत रही कि चारों युवक बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाला और लोल्टी गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे चारों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद चारों घायलों को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। बताया गया कि एक युवक के कमर में हल्की चोट आई है, जबकि अन्य तीन युवक सुरक्षित हैं।
वाहन सवार युवकों की पहचान तनिष्क पुत्र अजय सिंह (21), लोकेश पवार पुत्र नंदकिशोर (20), सुभाष पुत्र किशन सिंह (20) और यश राधव पुत्र हरविंदर (21), निवासी गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है।
ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण नेगी ने बताया कि वाहन दुर्घटना में सवार चारों युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए सीएचसी थराली भेजा गया है। हादसे में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस-एसडीआरएफ के संयुक्त रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया।








