उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करने की भी दी जानकारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग कर पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकारों की पेंशन राशि में वृद्धि करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। पत्रकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सरकार के सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अहम है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में मददगार साबित होते हैं। देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। सरकार ने पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये की है। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड को विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.







