Home एक नज़र में लंच विद एसडीएम” पहल: थलीसैंण में मेधावी छात्राओं से परीक्षा पर संवाद

लंच विद एसडीएम” पहल: थलीसैंण में मेधावी छात्राओं से परीक्षा पर संवाद

3
0

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विकासखंड थलीसैंण में 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण एवं परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा बोर्ड परीक्षा के लिए मार्गदर्शन देना था।
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बोर्ड परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने भी अपनी शंकाएं रखीं, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरक तरीके से समाधान किया। इस अवसर पर “लंच विद एसडीएम” पहल की शुरुआत की गई, जिसके तहत छात्राओं ने उप जिलाधिकारी के साथ दोपहर का भोजन किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत और सुपरवाइजर बबीता चौहान ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा समाज कल्याण, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, एनआरएलएम, मनरेगा, स्थापना और लेखा विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं व कार्यप्रणाली से छात्राओं को अवगत कराया।
खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी। इसके बाद छात्राओं को तहसील का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें राजस्व कार्यप्रणाली और उप जिलाधिकारी के प्रशासनिक व न्यायिक दायित्वों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जीआईसी थलीसैंण की शैलजा, कोमल, सुषमा, नेहा; जीआईसी गंगाऊ की आस्था व अल्का तथा पीएम श्री बगवाड़ी की गीता व श्वेता शामिल रहीं।