रुद्रप्रयाग जनपद के ग्राम प्रधानों से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन विजयपाल जागवान एवं ब्लॉक अध्यक्ष प्रधान संगठन जखोली अजय पुण्डीर के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ग्राम पंचायतों के कार्यों में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जटिलताओं तथा ग्राम प्रधानों के मानदेय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रधान संगठन ने मांग की कि विकासखंड बैठकों में पारित होने वाली योजनाओं एवं प्रस्तावों पर संबंधित ग्राम प्रधान की मुहर अनिवार्य की जाए, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे।
इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के शिलापट्टों पर संबंधित ग्राम पंचायत के प्रधान का नाम अंकित किए जाने, ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी विभाग द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की पूरी जानकारी ग्राम प्रधान को दिए जाने की मांग की गई। सभी कार्य ऑनलाइन होने के कारण ग्राम प्रधानों को लैपटॉप उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी जताई गई।
ज्ञापन में वर्तमान 3500 रुपये मानदेय को अत्यंत कम बताते हुए इसे उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बढ़ाने की मांग की गई। साथ ही (वीबी-जी राम जी)योजना एवं मनरेगा के तहत ऑनलाइन हाजिरी की बाध्यता को जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए समाप्त करने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा मनरेगा के अंतर्गत पूर्व में पूर्ण किए गए विकास कार्यों के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने तथा ग्राम पंचायतों से संबंधित पारिवारिक रजिस्टर की प्रतिलिपि ग्राम प्रधानों को उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही। प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








