Home उत्तराखंड जनता मिलन में 24 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण सीएम...

जनता मिलन में 24 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण सीएम हेल्पलाइन 1905 की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

4
0

गोपेश्वर, 22 जून। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

जनता मिलन में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन विभाग, पेयजल, सड़क संपर्क, पुल निर्माण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।

दशोली निवासी सुलोचना देवी की मृतक आश्रित कोटे में नियुक्ति संबंधी शिकायत पर जिला युवा कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, जोशीमठ निवासी कुंवर सिंह की भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृति अवधि बढ़ाने की मांग पर संबंधित प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

देवर निवासी कुशल सिंह पंवार की वृक्ष पातन संबंधी शिकायत पर वन विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बासवाड़ा निवासी अषाड़ी देवी की सोलर लाइट संबंधी शिकायत पर उरेडा विभाग को सोलर लाइट स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा बंशी लाल की पेंशन संबंधी शिकायत पर समाज कल्याण विभाग को एक सप्ताह के भीतर पेंशन संचालित करने के निर्देश दिए गए। भूतपूर्व सैनिक गोपाल दास द्वारा उठाई गई मार्ग संबंधी समस्या के समाधान हेतु नगर पालिका परिषद गोपेश्वर को नाले पर स्लैब निर्माण कराने को कहा गया।

नंदप्रयाग निवासी पुष्पा देवी की शौचालय निर्माण से जुड़ी समस्या पर जिला विकास अधिकारी और स्वजल विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं वॉल फिटर प्रतिनिधिमंडल द्वारा पारिश्रमिक संबंधी समस्या उठाए जाने पर जल संस्थान को प्रकरण शासन स्तर पर भेजने और अन्य विकल्पों पर भी विचार करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूपीसीएल, जल संस्थान, जल निगम, श्रम एवं आबकारी विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।