Home उत्तराखंड पत्नी की बेरहमी से की हत्या और हो गया फरार,पुलिस ने किया...

पत्नी की बेरहमी से की हत्या और हो गया फरार,पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल।

8
0

उत्तराकाशी-उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र के बयाणा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां रिश्तों के भीतर ही एक दर्दनाक क़त्ल की वारदात हुई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। कोतवाली मनेरी क्षेत्र के बयाणा गांव में घरेलू विवाद ने शुक्रवार को खौफनाक मोड़ ले लिया। 33 वर्षीय विष्णु चौहान ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी वर्षा (28 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था,लेकिन उत्तरकाशी पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे दबोच कर जेल भेज दिया।

घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब गांव की एक महिला ने पुलिस को सूचित किया कि उसकी देवरानी वर्षा बाथरूम में बेहोश पड़ी है और उसका पति विष्णु चौहान घर पर नहीं है।सूचना पाकर मनेरी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और वर्षा को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की जांच में पता चला कि वर्षा की हत्या धारदार हथियार और डंडों से की गई थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के साथ चुन्नी से गला घोंटने के भी सबूत मिले हैं। 28 वर्षीय वर्षा की हत्या का आरोप उसके पति विष्णु चौहान पर है, जो घटना के बाद फरार हो गया था।

वर्षा के पिता चत्तर सिंह पंवार ने बताया कि करीब दस साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी विष्णु से की थी। विष्णु नशे का आदी था और पहले भी वर्षा के साथ मारपीट करता रहा है। छह महीने पहले वर्षा बच्चों के साथ मायके चली गई थी, लेकिन पंचायत चुनाव से पहले दोनों परिवारों ने सुलह कराई और वर्षा वापस ससुराल लौट आई थी। किसे उम्मीद थी कि डेढ़ महीने के भीतर ही वर्षा की जिंदगी इस तरह खत्म हो जाएगी। वर्षा अपने पीछे सात और छह साल के दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पूरे गांव और परिवार में गहरा शोक और मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।