Home उत्तराखंड बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भनेर पानी के पास मलबा आने से...

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भनेर पानी के पास मलबा आने से यातायात बाधित, श्रद्धालु कर रहे मार्ग खुलने का इंतजार

92
0

चमोली। जनपद में देर रात से लगातार हो रही बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पीपलकोटी के समीप भनेर पानी ) क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण बाधित हो गया है। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं तथा बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालु सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पीपलकोटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों व राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं संभाल ली हैं। पुलिस द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा पहाड़ी क्षेत्र के निकट अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार मार्ग से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू कराई जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में एक श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। ऐसे में प्रशासन इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है और यात्रियों से भी किसी प्रकार की लापरवाही न करने की अपील कर रहा है।
लगातार बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।