Home आलोचना बंगथल गांव में फिर भालू का हमला, एक बैल की मौत और...

बंगथल गांव में फिर भालू का हमला, एक बैल की मौत और दो मवेशी घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया सड़क पर जाम

13
0

पोखरी (चमोली)। पोखरी विकासखंड के बंगथल गांव में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर भालू ने दो गोशालाओं के दरवाजे तोड़कर मवेशियों पर हमला कर दिया। हमले में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भालू ने कल रात को भगत लाल पुत्र पुष्कर लाल की गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक बैल को मौत के घाट उतार दिया, जबकि दूसरे बैल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, दूसरी घटना में सुरेंद्र सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह की गोशाला का दरवाजा तोड़कर भालू ने गाय को घायल कर दिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बंगथल गांव में सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक डीएफओ और रेंजर सहित वन विभाग के अन्य उच्चाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।

मौके पर पहुंचे केदारनाथ वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाई,वन दरोगा आनंद सिंह रावत और गोपाल सिंह रमोला ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने कहा जब तक मांगे पूरी नहीं होगी सड़क जाम नहीं खोला जाएगा।ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने और क्षेत्र में मवेशियों व ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

इस दौरान ग्राम प्रधान ज्योति देवी, पूर्व प्रधान ललित मिश्रा, भगत लाल, सुरेंद्र नेगी, मिलन मिश्रा, विवेक भारती, मुकेश लाल, कन्हैया प्रसाद भट्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष सावित्री देवी, कुंवरी देवी, कुसुमलता देवी, मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं।