Home उत्तराखंड जिला पंचायत बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़...

जिला पंचायत बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

2
0

गोपेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विभागवार प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। पर्यटन, उद्योग, कृषि, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, विद्युत, समाज कल्याण, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, वन एवं आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट और आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं तथा जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद की ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर प्रभावी निगरानी आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को कूड़ा प्रबंधन कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश देते हुए कूड़ा संग्रहण वाहनों का रूट प्लान तैयार कर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और कम्पेक्टर मशीनों के प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया, ताकि अपशिष्ट का वैज्ञानिक और समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
बैठक में ग्राम पंचायतों की वित्तीय व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपलब्ध धनराशि के पारदर्शी एवं दक्षतापूर्ण उपयोग, आय-व्यय की नियमित मॉनिटरिंग तथा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) को सुरक्षित रखने और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह, जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।