हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा का लक्ष्य ‘सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के स्वागत, भंडारों की समुचित व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में स्वच्छ पिंक टॉयलेट, पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नो-प्लास्टिक अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने ट्रैफिक प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए अलग यातायात व्यवस्था बनाने तथा वीआईपी मूवमेंट के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात करने तथा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश दिए। भारी बारिश और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच, लाइसेंस एवं पंजीकरण का स्पष्ट प्रदर्शन तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। हर की पैड़ी, कांगड़ा पुल और अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, महिला पुलिस बल और हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने, अतिक्रमण हटाने तथा अत्यधिक ऊंची कांवड़ और निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और 24 घंटे कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन सक्रिय रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ-2027 की तैयारियां प्रभावित न हों।
बैठक में कैबिनेट मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








