Home उत्तराखंड आफत की बारिश के बीच बीमार बुजुर्ग को डंडी-कंडी से अस्पताल...

आफत की बारिश के बीच बीमार बुजुर्ग को डंडी-कंडी से अस्पताल पहुंचाने को मजबूर ग्रामीण

5
0

गोपेश्वर, 30 जुलाई।
लगातार हो रही भारी बारिश ने जनपद चमोली के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। विकासखंड दशोली के कौज-बेलीधार क्षेत्र में मोटर मार्ग बाधित होने से एक बीमार बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर तक डंडी-कंडी (पालकी) के सहारे पैदल चलना पड़ा।
रास्ते में उफनते नदी-नालों को जान जोखिम में डालकर पार किया गया, तब कहीं जाकर महिला को चिकित्सालय तक पहुंचाया जा सका। इस दौरान ग्रामीणों ने विपरीत परिस्थितियों में साहस और मानवता का परिचय दिया।
लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले कई मोटर मार्ग बार-बार बंद हो रहे हैं। ऐसे में बीमार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं और अन्य आपातकालीन मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कें बंद होने से हर बारिश के मौसम में उन्हें इसी तरह जान जोखिम में डालकर मरीजों को अस्पताल ले जाना पड़ता है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ों में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद सड़कों को शीघ्र सुचारु किया जाए तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में लोगों को इस तरह की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
(साभार: भरत सिंह, गणेश)