चमोली। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दानपात्र की धनराशि में कथित गड़बड़ी के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई तेज करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान होने के बाद शुक्रवार को उसे लामबगड़ से गिरफ्तार किया गया। मामले में इससे पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
SIT के अनुसार, 2 जुलाई को इस मामले में प्रोटोकॉल अधिकारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व टीओ राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान थाली-भेंट गणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर निवासी मनोज कुमार पुत्र स्वरूप चंद की संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे SIT टीम ने जेपी कंपनी, लामबगड़ से मनोज कुमार को गिरफ्तार कर कोतवाली बद्रीनाथ लाया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बद्रीनाथ धाम के दानपात्र और चढ़ावे की व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी तथा इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Home ब्रेकिंग न्यूज़ बद्रीनाथ धाम चढ़ावा गड़बड़ी मामला: SIT की तीसरी गिरफ्तारी, हिमाचल निवासी आरोपी...



