उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर 09 नवंबर को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने समारोह के आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, टेंट, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने समारोह में विभागीय योजनाओं पर आधारित स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा बहुउद्देशीय शिविर के आयोजन के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित करने की व्यवस्था करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए समारोह को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक श्री आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








