Home उत्तराखंड बद्रीनाथ में पुलिस-सेना के बीच विवाद, होमगार्ड से मारपीट के आरोप में...

बद्रीनाथ में पुलिस-सेना के बीच विवाद, होमगार्ड से मारपीट के आरोप में मेजर समेत 10-15 जवानों पर मुकदमा

73
0

चमोली। बद्रीनाथ धाम में यात्रा और यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के बीच विवाद का मामला सामने आया है। शनिवार को ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस और सेना के जवान आमने-सामने आ गए। मामले में बद्रीनाथ थाना पुलिस ने सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह समेत 10 से 15 अन्य सेना के जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को बद्रीनाथ धाम में कांवड़ यात्रा और यातायात व्यवस्था के लिए होमगार्ड जवान दिनेश की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि यात्रियों और कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए जवान सड़क पर वाहनों को रोक रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह से उसकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान होमगार्ड जवान के साथ मारपीट की गई। इसके बाद सेना के अधिकारी की ओर से कुछ अन्य जवानों को मौके पर बुलाया गया और होमगार्ड जवान को वाहन में ले जाने का प्रयास किया गया। स्थिति को बिगड़ता देख चीता पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर शनिवार रात 10 बजकर 25 मिनट पर थाना श्री बद्रीनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमा संख्या 11/2026 में मेजर अनमोल प्रीत सिंह और अन्य सेना के जवानों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विवाद की पूरी परिस्थितियों तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह अथवा सेना की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे विवाद की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
“पुलिस उपाधिक्षक मदन बिष्ट ने बताया कि मामले मे मुकदमा दर्ज किया गया वही सेना कि ओर से अभी तक मामले कोई तहरीर नहीं आई हैं।”
मामले निष्पक्ष जाँच कि जायेगी

सेना के अधिकारियो से सम्पर्क किये जाने की कोशिस की जा रही