Home उत्तराखंड चमोली में फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग, डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन

चमोली में फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग, डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन

8
0

गोपेश्वर। जनपद चमोली में कथित फर्जी एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों की गतिविधियों की जांच और सरकारी विज्ञापनों एवं बजट के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। 19 अगस्त 2026 को दिए गए ज्ञापन में स्वयं को पत्रकार बताकर सक्रिय ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, जिनके पास कथित तौर पर वैध प्रेस कार्ड, पत्रकारिता की न्यूनतम योग्यता अथवा संबंधित संस्थागत पहचान नहीं है।
पूर्व व्यापार संघ अध्य्क्ष अंकोला पुरोहित ने कहां कि गोपेश्वर सहित पूरे चमोली जनपद में अनेक निष्पक्ष, शिक्षित और सम्मानित पत्रकार समाज व प्रशासन के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं। हालांकि, कुछ समय से ऐसे व्यक्तियों के सक्रिय होने की शिकायत सामने आ रही है, जो स्वयं को पत्रकार बताकर सोशल मीडिया पोर्टल और अन्य माध्यमों के जरिए आम जनता, व्यापारियों एवं सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ कथित फर्जी न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पेजों की आड़ में दबाव बनाने तथा अवैध वसूली की गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें हैं। इससे आमजन के साथ-साथ निष्पक्ष एवं सम्मानित पत्रकारों की छवि भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से गैर-मान्यता प्राप्त एवं फर्जी पोर्टलों की जांच, सोशल मीडिया पेजों की गहन जांच तथा सरकारी विभागों द्वारा बिना सत्यापन ऐसे फर्जी या अवैध मीडिया संस्थानों अथवा व्यक्तियों को प्रचार बजट और प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) दिए जाने पर रोक लगाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही प्रशासनिक दबाव या फर्जी रिपोर्टिंग का डर दिखाकर कथित तौर पर अवैध वसूली एवं ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रेस क्लब एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठनों के समन्वय से ऐसे तत्वों को चिन्हित कर प्रशासनिक स्तर पर सूचीबद्ध करने का भी आग्रह किया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद में स्वच्छ एवं पारदर्शी पत्रकारिता का वातावरण बनाए रखना जरूरी है, ताकि पत्रकारिता की गरिमा और आम जनता का मीडिया पर विश्वास सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा प्रेस क्लब चमोली को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।