Home उत्तराखंड ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किया...

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किया विजन

4
0

देहरादून। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपने विचार और विजन निबंध के माध्यम से साझा किए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से 24 अगस्त तक अपने विचार पोर्टल पर अपलोड करने का आह्वान किया था। राज्य में कक्षा 11वीं और 12वीं में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक सहित आठ प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव दिए हैं। इन निबंधों को केवल लेखन प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी सोच के दस्तावेज के रूप में देखा जा रहा है।
अभियान में रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली में कक्षा 11वीं और 12वीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए। पौड़ी में 98.82 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत, हरिद्वार में 91.77 प्रतिशत, टिहरी में 91.57 प्रतिशत और बागेश्वर में 89.26 प्रतिशत विद्यार्थियों ने भागीदारी की। देहरादून में 63,666 विद्यार्थियों में से 47,358 विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए।
अब प्राप्त निबंधों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विशेषज्ञों की टीम द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है। श्रेष्ठ 140 विचारों का चयन किया जाएगा और परिणाम 16 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री स्वयं भी इन विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
अभियान के तहत निबंध जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र दिया गया है। श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग सहित अन्य प्रोत्साहन और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने इसे नई पीढ़ी को राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से जोड़ने वाली अभिनव पहल बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थी केवल उत्तराखंड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज के उत्तराखंड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा और उन्हें उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनाया जाएगा।