Home उत्तराखंड सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में 91 अधिकारियों-कर्मचारियों...

सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में 91 अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रतिभाग

3
0

राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता हेतु जनपद चमोली से खिलाड़ियों के चयन के लिए बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चयन ट्रायल में विभिन्न विभागों के 77 पुरुष एवं 14 महिला अधिकारियों-कर्मचारियों सहित कुल 91 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाग किया।

खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, शतरंज, हॉकी, क्रिकेट, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, योग तथा फुटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों का चयन किया गया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों की सूची राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए भेजी जाएगी। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र नाथ द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।