Home ब्रेकिंग न्यूज़ पांच प्रयागों में पिंडदान की थी योजना, नंदप्रयाग संगम पर अलकनंदा में...

पांच प्रयागों में पिंडदान की थी योजना, नंदप्रयाग संगम पर अलकनंदा में बहा गुरु प्रसाद

2
0

नंदप्रयाग। अलकनंदा और नंदाकिनी नदियों के संगम तट पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तमिलनाडु निवासी करीब 40 वर्षीय गुरु प्रसाद, पुत्र वेंकट रमन, तर्पण और पिंडदान के लिए नंदप्रयाग संगम पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह अलकनंदा की तेज धारा में बह गए। हादसे के बाद से उनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि गुरु प्रसाद अपने परिवार के साथ अपने दिवंगत पिता का तर्पण और पिंडदान करने उत्तराखंड आए थे। उनकी योजना रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, नंदप्रयाग होते हुए पांचों प्रयागों में पिंडदान करने की थी। इसके बाद विष्णुप्रयाग में भी पिंडदान करने का विचार था, लेकिन नंदप्रयाग में ही यह हादसा हो गया।

गुरु प्रसाद के साथ उनकी करीब 70 वर्षीय मां भी मौजूद थीं। बेटे के अचानक नदी में बह जाने के बाद मां बदहवास हैं। उनकी आंखें अपने बेटे को तलाश रही हैं और वह लगातार यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उनका बेटा कहां है।

हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद नदी के आसपास गुरु प्रसाद की तलाश शुरू की गई।

फिलहाल पुलिस और बचाव दल द्वारा अलकनंदा नदी के तेज बहाव और आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।