Home उत्तराखंड हेमकुण्ड साहिब में एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक,...

हेमकुण्ड साहिब में एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक, ड्यूटी कर रहे जवानों का बढ़ाया हौसला

10
0

चमोली। हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुण्ड साहिब और घांघरिया पहुंचकर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

एसपी ने हेमकुण्ड साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेककर जनपद की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में पूजा-अर्चना कर मंदिर एवं यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर यात्रा के अंतिम चरण में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की।


एसपी ने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों और पुलिस-प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इससे पहले एसपी ने घांघरिया पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी कार्यालय, बैरक, मैस और परिसर का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों के साथ सम्मेलन कर उनकी समस्याएं सुनीं।
10 अक्टूबर को हेमकुण्ड साहिब के कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए एसपी ने अधिकारियों को समय रहते आवश्यक सुरक्षा तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौकी में तैनात जवानों को उपहार भी वितरित किए।
एसडीआरएफ टीम से संवाद के दौरान एसपी ने आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र को देखते हुए जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने और आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स के साथ सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।


एसपी ने चौकी में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और कठिन पैदल मार्ग पर ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ बैठकर रात्रि भोजन किया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभा रहे जवानों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान से यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली गई। वहीं गोविंदघाट और घांघरिया में पवन हंस के अधिकारियों से हेली सेवा की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश भी मौजूद रहे।
3.65 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके:
हेमकुण्ड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। पुलिस के अनुसार, कपाट खुलने के बाद अब तक देश-विदेश से करीब 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु हेमकुण्ड साहिब पहुंच चुके हैं। यात्रा के दूसरे चरण में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।