पोखरी (चमोली)। पोखरी के चमेठी स्थित मां चंडिका के पावन धाम में नौ दिवसीय नवरात्रों का शुभारंभ हो गया है। नौ दिनों तक मंदिर में मां चंडिका की विशेष पूजा-अर्चना और आराधना की जाएगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन मां चंडिका 251 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देंगी। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है।
नवरात्रों के शुभारंभ अवसर पर बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखपत बुटोला और ब्रह्म गुरु दीपक कुँवर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने दोनों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, मंदिर समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि 251 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मां चंडिका की आराधना के उपरांत बन्याथ यात्रा का शुभारंभ होना क्षेत्र के लिए गौरव और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भव्य और दिव्य रूप लेगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर समिति को अपनी ओर से 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
ब्रह्म गुरु दीपक कुँवर ने कहा कि मां चंडिका के नौ दिवसीय नवरात्रों के साथ ही बन्याथ यात्रा की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। नौ दिनों तक मां की विशेष आराधना की जाएगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन मां चंडिका गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भव्य और दिव्य स्वरूप लेगा।
इस दौरान डॉ. महेश चौधरी ने भी मंदिर समिति को एक लाख एक हजार एक सौ इक्यावन रुपये (1,01,151 रुपये) की सहयोग राशि प्रदान की। मंदिर समिति ने सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य, कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवींद्र नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, कुंवर सिंह चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता मयंक पंत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।








