प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में जनपद चमोली को फसल विविधीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जनपद की ओर से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत देशभर के जनपदों के कार्यों का विभिन्न उत्पादन एवं परिणाम आधारित मानकों पर मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में Crop Diversification and Sustainable Agricultural Practices (फसल विविधीकरण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों) को बढ़ावा देने के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने पर जनपद चमोली को सम्मानित करने के लिए चयनित किया गया।
यह सम्मान जनपद में कृषि क्षेत्र को अधिक विविधतापूर्ण, टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है। फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलने से किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ अन्य उपयुक्त फसलों को अपनाने, कृषि उत्पादन के बेहतर अवसर तलाशने तथा आजीविका के साधनों को सुदृढ़ करने में सहायता मिल रही है।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों की आय एवं आजीविका को सशक्त बनाने के लिए लक्षित प्रयास करना है। जनपद चमोली को मिला यह सम्मान कृषि क्षेत्र में नवाचार, विविधीकरण और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।






