नई दिल्ली/देहरादून, 12 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने राम माधव को उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, पारंपरिक कलाओं और प्राकृतिक संपदा पर चर्चा हुई।
विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली तीन महत्वपूर्ण पुस्तकें राम माधव को भेंट कीं। इनमें ‘कण्वाश्रम–भरत से भारतवर्ष’, ‘Vibrant Birds of Kotdwar’ और उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकनाट्य परंपरा ‘रम्माण’ पर आधारित पुस्तक शामिल हैं।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने ‘कण्वाश्रम–भरत से भारतवर्ष’ पुस्तक के माध्यम से कण्वाश्रम के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व और भारतवर्ष की सांस्कृतिक चेतना से जुड़े संदर्भों को साझा किया। यह पुस्तक हाल ही में कला एवं कॉफी टेबल बुक श्रेणी में देशभर में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। इसे कोटद्वार की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
वहीं, ‘Vibrant Birds of Kotdwar’ पुस्तक के माध्यम से कोटद्वार क्षेत्र की समृद्ध पक्षी संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही ‘रम्माण’ पर आधारित पुस्तक भेंट कर उत्तराखंड की पारंपरिक लोककलाओं, लोकविश्वासों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की विशेषताओं से भी अवगत कराया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोकपरंपराएं, ऐतिहासिक स्थल, पारंपरिक कलाएं और सांस्कृतिक विरासत भी प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। कण्वाश्रम जैसी ऐतिहासिक धरोहर, क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और उत्तराखंड की लोककलाएं प्रदेश की विविधतापूर्ण विरासत को प्रदर्शित करती हैं। इनसे संबंधित साहित्य एवं प्रकाशनों के माध्यम से प्रदेश की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सकता है।
इस दौरान कोटद्वार एवं उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग से भी शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.







