Home उत्तराखंड चमोली में हाथी पर्वत की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह...

चमोली में हाथी पर्वत की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोग थे सवार

264
0

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था हेलीकॉप्टर, चार्ली एचसीएक्स कंपनी के शिव भोले हेलीकॉप्टर के रूप में हुई पहचान; प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और आईटीबीपी की टीमें रेस्क्यू के लिए रवाना
चमोली। बद्रीनाथ धाम से दर्शन के बाद देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को हाथी पर्वत की पहाड़ियों में क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:15 बजे बद्रीनाथ हेलीपैड से उड़ान भरी थी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और आईटीबीपी की टीमें सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना कर दी गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर की पहचान चार्ली एचसीएक्स कंपनी के ‘शिव भोले’ हेलीकॉप्टर के रूप में बताई जा रही है। कंपनी के मालिक सुधीर गुलाटी दिल्ली के बताए गए हैं।
हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों के रूप में जिन छह लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें अरुण सालुंके, शंकर गौड़ा, सुधीर के., एच.एस. नागराजा, प्रताप और कैप्टन हिमांशु सबरवाल शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि इन नामों और यात्रियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।