Home उत्तराखंड आदर्श ग्राम सारकोट में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश, डीएम...

आदर्श ग्राम सारकोट में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश, डीएम ने की विभागवार समीक्षा

2
0

गैरसैंण। मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विकासखंड गैरसैंण की ग्राम पंचायत सारकोट में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी गैरसैंण को ग्राम पंचायत सारकोट में जी राम जी के तहत संचालित विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने शैडो जोन में ऑनलाइन हाजिरी से छूट प्राप्त कर आवश्यकतानुसार विकास कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रगति प्रभावित न हो।
उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पॉलीहाउस निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट और मिशन कीवी के तहत संचालित कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने और कृषि एवं उद्यानिकी आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
वहीं, कृषि विभाग को चयनित कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को गांव में स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।