Home आलोचना महेंद्र भट्ट पर अनर्गल आरोप लगाने वाले हरक सिंह रावत पहले जैनी...

महेंद्र भट्ट पर अनर्गल आरोप लगाने वाले हरक सिंह रावत पहले जैनी प्रकरण पर दें जवाब : रघुबीर बिष्ट

0
0

नंदप्रयाग-घाट में पिटाई के दावे पर मांगे प्रमाण, बोले– राजनीतिक मर्यादा और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाने से पहले अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर जवाबदेही तय करें हरक सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत द्वारा नंदप्रयाग-घाट में स्थानीय लोगों के हाथों उनकी पिटाई किए जाने संबंधी दिए गए बयान पर भाजपा नेता रघुवीर सिंह बिष्ट भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चमोली, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जनपद रुद्रप्रयाग के सह प्रभारी बिष्ट ने तीखी प्रतिक्रिया ब्यक्त करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी वरिष्ठ जननेता की प्रतिष्ठा को निशाना बनाना और बिना प्रमाण गंभीर दावे करना स्वस्थ राजनीति का परिचायक नहीं है।बिष्ट ने कहा कि हरक सिंह रावत जैसे अनुभवी और लंबे समय तक सत्ता में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले राजनेता से जनता को अधिक जिम्मेदारी और राजनीतिक परिपक्वता की अपेक्षा रहती है। सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति के शब्दों का अपना महत्व होता है। इसलिए किसी भी घटना को लेकर बयान देने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और अपने दावों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि हरक सिंह रावत के पास महेंद्र भट्ट की नंदप्रयाग-घाट में पिटाई किए जाने संबंधी कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें। अन्यथा उन्हें अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। केवल राजनीतिक चर्चा में बने रहने के लिए इस प्रकार के दावे करना उचित नहीं है।
रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने सार्वजनिक जीवन में संगठनात्मक समर्पण, राजनीतिक शुचिता और सामाजिक मर्यादा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने हमेशा मातृशक्ति के सम्मान और समाज के बीच रहकर जनसेवा को महत्व दिया है। उनके संबंध में बिना प्रमाण इस तरह की टिप्पणी करना न केवल राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है, बल्कि सार्वजनिक जीवन की गरिमा पर भी सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि चमोली की जनता अपने जनपद और अपने नेताओं के संबंध में किए जाने वाले दावों को गंभीरता से लेती है। हरक सिंह रावत को यह समझना चाहिए कि राजनीतिक विरोध का अर्थ व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को निशाना बनाना नहीं होता। यदि कोई आरोप लगाया जाता है तो उसकी प्रमाणिकता भी सामने आनी चाहिए ।
बिष्ट ने कहा कि महेंद्र भट्ट पर आरोप लगाने वाले हरक सिंह रावत को पहले अपने ऊपर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। वर्तमान समय में जैनी प्रकरण उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। असम से उत्तराखंड पहुंचीं जैनी ने वर्ष 2003 के घटनाक्रम को लेकर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जैनी ने तत्कालीन पुलिस कार्रवाई, अपने साथ हुए कथित व्यवहार और मामले को समाप्त किए जाने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उनका यह भी आरोप है कि उनके बेटे का डीएनए परीक्षण नहीं कराया गया। आज वर्षों बाद वह सार्वजनिक रूप से न्याय की मांग कर रही हैं और डीएनए परीक्षण के लिए अपनी सहमति जता रही हैं।
बिष्ट ने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। किसी महिला द्वारा इतने वर्षों बाद सार्वजनिक रूप से न्याय की मांग करना और जांच के लिए तैयार होना गंभीरता से लिया जाना चाहिए। जैनी के आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए।

उन्होंने हरक सिंह रावत से कहा कि यदि वे स्वयं को निर्दोष मानते हैं तो उन्हें जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करना चाहिए और डीएनए परीक्षण सहित कानूनी रूप से अनुमन्य जांचों के संबंध में अपनी स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए। जब एक महिला स्वयं जांच के लिए तैयार होने की बात कह रही है, तो मामले की सच्चाई सामने लाने में सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है।
रघुवीर सिंह बिष्ट ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी सीधा सवाल किया कि कांग्रेस पार्टी लगातार अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर महिला सम्मान और न्याय की बात करती रही है। ऐसे में जैनी द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर पार्टी का रुख क्या है?

उन्होंने कहा कि महिला सम्मान किसी राजनीतिक दल की सुविधा या राजनीतिक लाभ का विषय नहीं होना चाहिए। यदि कांग्रेस वास्तव में मातृशक्ति के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है तो उसे जैनी प्रकरण पर भी अपना आधिकारिक पक्ष सार्वजनिक करना चाहिए। पार्टी को निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए और अपने संगठनात्मक स्तर पर उचित निर्णय लेना चाहिए।

बिष्ट ने कहा कि एक तरफ महिला सम्मान के नाम पर राजनीतिक आंदोलन करना और दूसरी तरफ अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता पर गंभीर आरोप लगने के बाद स्पष्ट जवाबदेही से बचना, कांग्रेस की राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़े करता है।
बिष्ट ने कहा कि हरक सिंह रावत कभी मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हैं, कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को निशाना बनाते हैं और कभी भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं पर बयान देते हैं। लेकिन एक अनुभवी राजनेता होने के नाते उन्हें यह समझना चाहिए कि राजनीति में पद और अनुभव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि जनता को नेताओं से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास, जनहित, पारदर्शिता और मर्यादित आचरण की अपेक्षा रहती है। किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को अपने बयान के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। महेंद्र भट्ट पर लगाए गए आरोपों के प्रमाण सार्वजनिक करना हरक सिंह रावत की जिम्मेदारी है।
बिष्ट ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सम्मान और संगठन की गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं में रहते हुए तथ्यों के आधार पर हर आरोप का जवाब देने में सक्षम हैं। चमोली की जनता भी अपने जनपद और जनप्रतिनिधियों के संबंध में किए जाने वाले दावों की सच्चाई जानना चाहती है।

उन्होंने दो टूक कहा कि हरक सिंह रावत को नंदप्रयाग-घाट में महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने संबंधी दावे के प्रमाण देने चाहिए और जैनी प्रकरण में उठ रहे सवालों पर भी स्पष्ट जवाब देना चाहिए। राजनीतिक शुचिता का पाठ पढ़ाने से पहले अपने सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही प्रदर्शित करना आवश्यक है।

बिष्ट ने अंत में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों, अनर्गल बयानबाजी और राजनीतिक भ्रम के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। महेंद्र भट्ट पर लगाए गए दावों की प्रमाणिकता सामने आए, जैनी को न्याय मिले और हर मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच हो। उत्तराखंड की जनता को बयानवीर नहीं, बल्कि जिम्मेदार, मर्यादित और जवाबदेह राजनेता चाहिए