Home सोशल वन्य जीव संघर्ष से हो रहे नुकसान पर सड़को पर उतरे लोग

वन्य जीव संघर्ष से हो रहे नुकसान पर सड़को पर उतरे लोग

0
0

पोखरी (चमोली)। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाघ, भालू, गुलदार, जंगली सूअर और बंदरों के आतंक से लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। वन्यजीवों की बढ़ती चहलकदमी से जहां ग्रामीणों की जान पर खतरा बना हुआ है, वहीं किसानों की फसलें भी लगातार बर्बाद हो रही हैं।
पोखरी क्षेत्र में लंबे समय से भालू, जंगली सूअर और गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। खासकर भालू की लगातार चहलकदमी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग खेतों में काम करने और गांव के आसपास आवाजाही करने से भी डर रहे हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।
मानव जीवन और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए पूरे क्षेत्र के लोगों ने सरकार और वन विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने के लिए अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।
लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की निगरानी करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है। साथ ही वन्यजीवों के आतंक के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करने की बात भी कही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।