गौचर। 74वें ऐतिहासिक औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में श्री नंदा देवी राजजात पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ‘40 वर्षों की अध्ययन यात्रा’ शीर्षक से लगाई गई इस प्रदर्शनी में हिमालयी महाकुंभ कही जाने वाली नंदा देवी राजजात के इतिहास, परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत को चित्रों, दुर्लभ तस्वीरों और मानचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में वर्ष 1984 से 2025 तक की अध्ययन यात्राओं का दस्तावेजीकरण किया गया है। इसमें नौटी से होमकुंड तक प्रस्तावित 280 किलोमीटर की राजजात यात्रा और उसके 20 पड़ावों को मानचित्र के माध्यम से दर्शाया गया है। श्री नंदा देवी राजजात संग्रहालय के सचिव भुवन नौटियाल ने बताया कि वर्ष 1984-85 से ही मां नंदा राजजात और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन एवं शोध का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सदियों पुरानी परंपराओं, यात्रा के पड़ावों और सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना है।
प्रदर्शनी में स्व. प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप’ के योगदान को विशेष रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने राजजात यात्रा को चित्रों और शोध के माध्यम से संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1985-86 की नौटी से वाण और वाण से होमकुंड तक की अध्ययन यात्रा से जुड़ी तस्वीरें उनके समर्पण और दूरदर्शिता को दर्शाती हैं। वहीं वर्ष 2000 की राजजात पर आधारित ‘आस्था, साहस एवं संस्कृति की त्रिवेणी’ नामक पेंटिंग में मां नंदा की डोली, त्रिशूल, छंतोली और चौसिंग्या खाडू के साथ हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता को खूबसूरती से उकेरा गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्व. प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप’ के चित्रों और उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा किया गया चित्रण आज एक अमूल्य धरोहर के रूप में मौजूद है। उनके विचार दशकों पहले की दूरदर्शी सोच को प्रदर्शित करते हैं। वहीं आईटीबीपी की आठवीं वाहिनी गौचर के उपसमादेष्टा जयंती कु. बहुरा ने नंदा देवी राजजात को ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की ऐसी यात्रा बताया, जिसमें युगों-युगों से आस्था और संस्कृति की आत्मा बसती है।
प्रदर्शनी में डॉ. सुभाष चंद्र पुरोहित के बनाए पर्यावरण संरक्षण संबंधी चित्रों और संदेशों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इन चित्रों के माध्यम से पॉलीथिन के दुष्प्रभाव, गौवंश की सुरक्षा, प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान और कूड़ा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। संदेशों में पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने, गर्म खाद्य पदार्थों को प्लास्टिक में रखने से बचने, जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग रखने और यात्रा मार्गों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई है।
इसके अलावा डॉ. शिवानी की पेंटिंग भी प्रदर्शनी का आकर्षण बनी हुई हैं। मां नंदा के मंडला, गणपति, शेर और नारी शक्ति पर आधारित चित्रों में धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक कला का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है।
भुवन नौटियाल के नेतृत्व में श्री नंदा देवी राजजात संग्रहालय से जुड़ी दुर्लभ सामग्री, चित्रों, लेखों और स्मृतियों को संरक्षित करने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। प्रकाश ट्रस्ट की इस पहल के माध्यम से राजजात के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








