पद्म श्री ललित पांडे का निधन। अल्मोड़ा में शोक की लहर।
पर्यावरण, शिक्षा , ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण को समर्पित थे, डॉ ललित पांडे।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का आज निधन हो गया है। वह 78 वर्ष के थे। बेस अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पंजाब और पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल स्व बी डी पांडेय के पुत्र थे, और अल्मोड़ा के चम्पानौला मोहल्ला निवासी थे।बता दें कि आज उनका निधन हुआ, आज ही उनका जन्मदिन भी था। उनके निधन की खबर से सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में शोक की लहर है।
डॉ. ललित पाण्डेय ने अपना जीवन पहाड़ और यहां के समाज के विकास के लिए समर्पित कर दिया था। आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने विदेशों में उपलब्ध अवसरों को छोड़कर वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौटने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर समाज के बीच काम करना शुरू किया। वह “उत्तराखंड सेवा निधि” पर्यावरण शिक्षा संस्थान के निदेशक थे।
उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को विद्यालयों तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना, महिला सशक्तीकरण, जल एवं स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए।
उनके प्रयासों से उत्तराखंड के सैकड़ों गांवों और ग्रामीण समुदायों को लाभ मिला। जमीनी स्तर पर उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए वर्ष 2007 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें आईआईटी दिल्ली के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
उनके निधन का समाचार मिलते ही कई संगठनों के लोगों और गणमान्य नागरिकों ने दुःख व्यक्त किया है।डॉ. पाण्डेय का पूरा जीवन समाज, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और समाज के प्रति योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
डॉ. ललित पाण्डेय का निधन उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने कार्यों से साबित किया कि पहाड़ में रहकर भी स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर व्यापक सामाजिक बदलाव की नींव रखी जा सकती है।








