Home उत्तराखंड चमोली में तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना का आगाज, दुर्लभ वियर्ड वॉल्चर समेत...

चमोली में तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना का आगाज, दुर्लभ वियर्ड वॉल्चर समेत कई प्रजातियों का हुआ अवलोकन

1
0

ज्योतिर्मठ (चमोली)। उत्तराखंड की समृद्ध पक्षी संपदा और जैव विविधता के दस्तावेजीकरण के उद्देश्य से 14 और 15 नवंबर को तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना (यूबीसी-2026) का शुभारंभ हो गया है। चमोली जनपद में इस अभियान को बर्ड वाचिंग क्लब औली-ज्योतिर्मठ, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क और एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी चमोली से जुड़े पक्षी प्रेमियों द्वारा संचालित किया जा रहा है।
बर्ड काउंट के पहले दिन शनिवार को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के ज्योतिर्मठ बफर जोन स्थित इंद्रा प्वाइंट एफआरएच बर्ड साइट से अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद टीम ने टीवी टावर औली, काना नाग और आइस स्केटिंग रिंक फॉरेस्ट बर्ड वॉक साइट तक पक्षी अवलोकन किया। इस दौरान टीम को दुर्लभ वियर्ड वॉल्चर, हिमालयन ग्रिफन, यूरेशियन कैस्ट्रल, ब्लैक काइट, कलीज तीतर, हुदहुद, हिमालयन नीलदुम, व्हाइट थ्रोटेड लॉफिंग थ्रश, मिशेल थ्रश, वेरीगेटेड लॉफिंग थ्रश, ग्रे हेडेड वुडपेकर, ब्लैक हेडेड जे, माउंटेन फिंच, सदर्न नटक्रैकर और रॉक बंटिंग सहित अनेक प्रजातियों के पक्षियों का अवलोकन किया गया। इसके अलावा स्लेटी हेडेड पैराकीट के बड़े झुंड भी दिखाई दिए। विभिन्न बर्ड काउंट समूहों ने अपने अवलोकनों को ई-बर्ड ऐप पर दर्ज किया।
अभियान में बर्ड वाचिंग क्लब औली-ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष एवं क्षेत्र के पक्षी विशेषज्ञ संजय कुंवर, वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवाण, युवा बर्ड वाचर एवं पर्यटन कारोबारी जयदीप भट्ट, आशीष डिमरी, विशाल नंबूरी, एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी चमोली के अध्यक्ष विवेक पंवार, माउंटेन गाइड प्रमोद पंवार, रविन्द्र कंडारी, पंकज सिंह सहित अनेक पक्षी एवं प्रकृति प्रेमी शामिल रहे।
बर्ड वाचिंग क्लब औली के अध्यक्ष संजय कुंवर ने बताया कि प्रदेश के सभी 13 जनपदों में आयोजित इस दो दिवसीय अभियान में 90 से अधिक पक्षी प्रेमी और 50 से अधिक संगठन भागीदारी कर रहे हैं। यह आयोजन दिवंगत प्रकृतिवादी एवं पक्षी प्रेमी सुनीति भूषण दत्ता को समर्पित है। अभियान का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध पक्षी संपदा और जैव विविधता का दस्तावेजीकरण करने के साथ आम नागरिकों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है। प्रतिभागियों को अपने पक्षी अवलोकन की ई-बर्ड कंप्लीट चेकलिस्ट 23 नवंबर तक वैश्विक ई-बर्ड पोर्टल पर जमा करनी होगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पहली राज्यव्यापी पक्षी गणना वर्ष 2024 में आयोजित हुई थी। इसमें प्रदेश में ज्ञात 729 प्रजातियों में से 399 प्रजातियों का अभिलेखन किया गया था और ई-बर्ड पोर्टल पर 662 चेकलिस्ट जमा हुई थीं। वहीं वर्ष 2025 में आयोजित दूसरी गणना में 1320 चेकलिस्ट के माध्यम से 408 पक्षी प्रजातियों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। प्रदेश स्तर पर इस गणना की आयोजक समिति में पूर्व मुख्य वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, पक्षी विशेषज्ञ पिंकी गुप्ता और संजय सोंधी शामिल हैं।
उत्तराखंड के ऊंचे हिमालयी पर्वतों, दुर्गम चोटियों और बुग्यालों से लेकर तराई के वेटलैंड क्षेत्रों तक पक्षियों की विविध प्रजातियां देखने को मिलती हैं। कहीं प्रवासी जलीय पक्षियों की चहचहाहट है तो कहीं राज्य पक्षी मोनाल, कोकलास, कलीज तीतर और चीर फीजेंट जैसे आकर्षक पक्षियों की मौजूदगी। इस गणना के माध्यम से इन पक्षियों की तस्वीरों और अवलोकनों के साथ उनके वैज्ञानिक आंकड़े भी जुटाए जा रहे हैं। यह पहल पक्षी संरक्षण के साथ-साथ उत्तराखंड में जिम्मेदार प्रकृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।