उत्तराखंड लोक विरासत-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लोक कलाकारों के सम्मान और गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति हमारी पहचान, हमारी जड़ों और पूर्वजों की अमूल्य विरासत का प्रतीक है। इसका संरक्षण और संवर्धन कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपनी बोली, भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री रविवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी स्कूल में आयोजित ‘उत्तराखंड लोक विरासत-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यहां के इतिहास, परंपराओं, सामाजिक समरसता और पूर्वजों के संघर्षों की जीवंत अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ढोल-दमाऊं की थाप गूंजती है और पारंपरिक लोकधुनों के साथ लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होती हैं तो हर उत्तराखंडी का मन अपनी मिट्टी, गांव और घर की यादों से जुड़ जाता है। हमारी लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिकता की भावना समाहित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘विकास भी, विरासत भी’ की भावना को नई मजबूती मिल रही है। इसी सोच के अनुरूप राज्य सरकार भी उत्तराखंड की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सम्मान, आर्थिक सहायता और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ लोक कलाकारों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन प्रदान की जा रही है। कलाकारों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनकी सूची प्रत्येक छह महीने में अपडेट की जाती है।
उन्होंने बताया कि लोक कलाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए छह माह की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं। इसके माध्यम से युवाओं को अनुभवी लोक कलाकारों से पारंपरिक कलाएं सीखने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी पुस्तकों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता और लोक कलाओं के संरक्षण एवं प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं स्थापित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोकभाषाओं और साहित्यिक परंपराओं में यहां की सभ्यता, जीवन दर्शन और सामाजिक मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है। साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट जैसे पुरस्कार दिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से घरों में बच्चों के साथ स्थानीय बोली में बातचीत करने और उन्हें गांव की लोककथाओं तथा पूर्वजों के अनुभवों से परिचित कराने की अपील की।
उन्होंने युवाओं से अपने बुजुर्गों से लोकगीत सीखने, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि आधुनिक तकनीक को अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है।
इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक एवं लोक कलाकार प्रीतम भरतवाण सहित अनेक लोक कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित लोकगीतों, पारंपरिक धुनों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और संस्कृति प्रेमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.









