देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘सक्षम’ एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा और परोपकार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण तथा 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन अभियान की सफलता के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व होने के साथ ही सेवा, सहयोग और परोपकार का संदेश भी देता है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी सेवा भावना को साकार करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आज भी अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है। नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लाखों लोगों की नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.









