**
*पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* द्वारा आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को पुलिस कार्यालय में जनपद में प्रचलित वृह्द निर्माण कार्यों से संबंधित इकाइयों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान संबंधित निर्माण इकाइयों द्वारा अपने-अपने कार्यों की अद्यतन वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई, जिसकी पुलिस अधीक्षक द्वारा गहनता से समीक्षा की गई।
चमोली जनपद में पुलिस विभाग द्वारा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। जिसमें थाना गैरसैंण व फायर यूनिट गैरसैंण का नवीन भवन, पुलिस लाइन गोपेश्वर में प्रशासनिक भवन, भराडीसैंण में अराजपत्रित अधिकारियों हेतु 50 बैडेड हॉस्टल, 100 पुलिस कार्मिकों हेतु बैरक मय शौचालय एवं भोजनालय, पुलिस अधि0/कर्मचारियों के लिए पार्किंग व्यवस्था व पेयजल व्यवस्था, रिपोर्टिंग पुलिस चौकी मण्डल में प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य शामिल है।
एसपी चमोली ने सभी निर्माण इकाइयों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए व सभी कार्य स्वीकृत मानकों, तकनीकी मापदण्डों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएँ, साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं समन्वय बनाए रखा जाए तथा कार्य में आने वाली किसी भी व्यवहारिक समस्या की समय रहते जानकारी देकर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों को आगामी विधान सभा सत्र के दृष्टिगत पुलिस कर्मियों की आवासीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माणाधीन भवनों को सत्र के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में उपयोग में लाया जा सके। इसके साथ ही भवनों में बुनियादी सुविधाएं जैसे विद्युत, पेयजल, शौचालय आदि को भी समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग/भवन त्रिवेन्द्र सिंह राणा (वर्चुअल माध्यम),लिपिका कवि (परियोजना प्रबन्धक निर्माण उत्तराखण्ड पेयजल निगम देहरादून) नेहा बधानी (अवर सहायक अभियन्ता, ग्रामीण निर्माण विभाग) सूर्य प्रकाश मैठाणी व रेखा राणा (अवर अभियन्ता ग्रामीण निर्माण विभाग) इरशाद हसन (सहायक अभियन्ता पेयजल निगम श्रीनगर गढ़वाल) योगेश सक्सेना यातायात निरीक्षक चमोली, प्रभारी निरीक्षक गैरसैण मनोज सिरोला (वर्चुअल माध्यम), FSSO सुशील कुमार फायर स्टेशन गोपेश्वर एवं दिनेश कुनियाल प्रधान लिपिक शाखा पुलिस कार्यालय गोपेश्वर मौजूद रहें।








