आगामी चार धाम यात्रा के दृष्टिगत पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट एवं यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल द्वारा चौकी नन्दप्रयाग क्षेत्र के व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान नन्दप्रयाग क्षेत्र को ‘जीरो ट्रैफिक जाम ज़ोन’ बनाना रहा।
गोष्ठी के दौरान मुख्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निम्न दिशा-निर्देश दिए गए-
👉 नन्दप्रयाग तिराहा पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े रहेगें। विभिन्न क्षेत्रों को जाने वाले वाहन घाट रोड से ही सवारियां बैठाएंगे।
👉 चमोली से नन्दप्रयाग के बीच मानसून या किसी अन्य आपदा के कारण मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। ऐसी किसी भी आपातकालीन स्थिति में नन्दप्रयाग-कोठियालसैण वैकल्पिक मार्ग का तत्काल प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
👉 स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने निजी वाहन सड़कों पर खडें ने करें। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाए।
👉 टैक्सी यूनियन को निर्देशित किया गया कि वे बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से पेश आएं और निर्धारित रेट लिस्ट के अनुसार ही किराया लें।
👉 व्यापारियों से स्पष्ट रूप से कहा गया कि दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर अतिक्रमण न करें। सड़क पर रखा सामान न केवल यातायात बाधित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है।
👉 व्यापारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस उपाधीक्षक ने गोष्ठी का समापन करते हुए कहा कि यात्रा को सफल बनाना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि स्थानीय जनता और व्यापारियों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर कदम पर सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
इसी क्रम में *अपर उपनिरीक्षक यातायात सोहन सिंह बिष्ट* द्वारा कोतवाली ज्योतिर्मठ क्षेत्र में टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान चारधाम यात्रा के समय यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई, सभी वाहन चालकों से अपील की कि अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, अनावश्यक रूप से सड़कों पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।








