Home उत्तराखंड देहरादून के छात्र ने बेची अपनी किडनी, पुलिस ने अस्पताल मालिक...

देहरादून के छात्र ने बेची अपनी किडनी, पुलिस ने अस्पताल मालिक और चिकित्सकों समेत 06 को गिरफ्तार किया-

15
0

कानपुर में कथित अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें देहरादून कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार, आयुष नाम का युवक, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और देहरादून में MBA का छात्र है, इस रैकेट में डोनर के रूप में शामिल किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, बिचौलिया शिवम अग्रवाल ने आयुष को लाखों रुपये का लालच देकर किडनी देने के लिए तैयार किया। शुरुआती सौदा चार लाख रुपये में तय हुआ, लेकिन पूरी रकम न मिलने पर विवाद हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया, जिससे पूरे रैकेट का खुलासा हो गया।

जांच में सामने आया है कि मेरठ की एक महिला मरीज को पहले मेडलाइफ अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में केशवपुरम स्थित आहूजा मेडिकल सेंटर में कथित तौर पर ट्रांसप्लांट किया गया। पुलिस को शक है कि यह प्रक्रिया बिना जरूरी अनुमति के की गई।

अभी तक इस मामले में अस्पताल संचालकों और डॉक्टरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर अन्य राज्यों के छात्रों को भी इस रैकेट में फंसाया जा रहा था।

फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।