Home उत्तराखंड थराली में नवनिर्मित सिविल जज जूनियर डिविजन न्याय भवन का लोकापर्ण

थराली में नवनिर्मित सिविल जज जूनियर डिविजन न्याय भवन का लोकापर्ण

23
0

चमोली : उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के कार्यवाहक  मुख्य न्यायाधीश/न्यायमूर्ति श्री रवि मलिमथ ने रविवार को थराली में 5 करोड़, 46 लाख, 90 हजार की लागत से नवनिर्मित सिविल जज जूनियर डिविजन न्याय भवन का लोकापर्ण किया। थराली में न्याय भवन के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए  मुख्य न्यायाधीश ने कार्यदायी एवं निर्माणदायी संस्था सहित सभी को बधाई दी।

कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को न्याय मिलने में अधिक सुविधा मिलेगी। नवनिर्मित थराली न्याय भवन में न्यायालय कक्ष, आशुलिपिक कक्ष, रिटर्निंग कक्ष, कार्यालय, ई-कोर्ट, सर्वर रूम, बंदी गृह, लाइब्रेरी, एपीओ कक्ष, बार रूम, कैटीन सहित 13 कक्ष का नव निर्माण किया गया है।  मुख्य न्यायाधीश/न्यायमूर्ति के थराली पहुॅचने पर पुलिस के जवानों ने गार्ड आफ आॅनर दिया। इस अवसर पर  मुख्य न्यायाधीश ने थराली न्यायालय परिसर मे पौधरोपण भी किया।


थराली में न्याय भवन के उद्घाटन समारोह में  न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय/प्रशासनिक न्यायाधीश चमोली श्री मनोज कुमार तिवारी,  कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय , जिला जज चमोली श्री राजेंद्र सिंह चैहान, महानिबंधन उच्च न्यायालय नैनीताल श्री हीरा सिंह बोनाल, पीपीएस उच्च न्यायालय श्री गुरुप्रीत सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली श्री सुधीर कुमार सिंह, सीजेएम चमोली श्री राजीव धवन, न्यायिक मजिस्ट्रेट थराली साहित्ता बानो, पुलिस अधीक्षक श्री यशवंत सिंह चैहान, एडीएम श्री अनिल कुमार चन्याल, थराली बार एशोसिएशन के अध्यक्ष श्री देवीदत्त कुनियाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्तागण मौजूद थे।


लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए  मुख्य न्यायाधीश श्री मलिमथ ने कहा कि हमारी पहचान न्यायपालिका से है। आज समाज न्यायपालिका से क्या चाह रहा है, इस बात पर सभी को मंथन कर कार्य करने हैं। हमारी कोशिश है कि हर व्यक्ति को सरलता एवं समय से न्याय पहुॅचे। कहा कि अधिवक्ता समाज को सदमार्ग की और प्रेरित करता है। अधिवक्ताओं को तकनीकी रूप से भी प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि समय की जरूरत के हिसाब से न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आए। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को पूर्ण मनोयोग, निष्ठा व संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही।  मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्याय भवन के उद्घाटन से पूरे क्षेत्र के लोगों को समय से न्याय मिलने में सुविधा मिलेगी।