आगामी चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जनपद चमोली के तीन दिवसीय दौरे पर आए *अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान महोदय* ने आज अपने भ्रमण के तीसरे दिन श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव, गोपेश्वर में तैयारियों का जायजा लिया।
एडीजी महोदय ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार संग सर्वप्रथम ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति द्वारा एडीजी महोदय का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस दौरान उन्होंने *रुद्रनाथ-गोपीनाथ मंदिर समिति के स्थानीय पुजारियों, तीर्थ पुरोहितों,वरिष्ठ पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों* के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में चारधाम यात्रा व रुद्रनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंदिर समिति द्वारा यात्रा को और अधिक व्यवस्थित बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिन पर एडीजी महोदय ने गंभीरता से संज्ञान लिया। समिति ने सुझाव दिया कि केदारनाथ की ओर से आने वाले यात्रियों को मंदिर मार्ग के माध्यम से गोपीनाथ मंदिर दर्शन हेतु प्रवेश दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक यात्री इस पवित्र स्थल के दर्शन कर सकें।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अहम चर्चा हुई। बताया गया कि हर वर्ष यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। इस पर समाधान के रूप में बड़े वाहनों को मुख्य बाजार क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर पार्क कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने तथा छोटे वाहनों के लिए श्योरा मैदान में पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया।
बैठक के दौरान मंदिर समिति एवं स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा यह भी आग्रह किया गया कि चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ जी की यात्रा एक लंबा एवं दुर्गम पैदल ट्रैक है, जहां पूर्व में कई श्रद्धालु मार्ग की समुचित जानकारी न होने के कारण भटक चुके हैं।इस पर सुझाव दिया गया कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अनिवार्य रूप से स्थानीय गाइड उपलब्ध कराया जा सके, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस दौरान एडीजी महोदय द्वारा जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी गौरव कुमार,मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से शिष्टाचार भेंट कर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान मनोज भट्ट (अध्यक्ष मन्दिर समिति), शांति प्रसाद भट्ट (सचिव), मनीष नेगी ( वरिष्ठ उपाध्यक्ष), हरीश भट्ट ( उपाध्यक्ष), किशन सिंह बिष्ट (कोषाध्यक्ष), क्रांति भट्ट ( वरिष्ठ पत्रकार), विनय भट्ट, गोपाल दत्त भट्ट, विजय प्रसाद भट्ट,उमेश भट्ट व अन्य मौजूद रहे।








