Home उत्तराखंड जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

1
0

गोपेश्वर। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में ताइक्वांडो फेडरेशन चमोली की ओर से जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पीएम श्री 1008 इंटर कॉलेज गोपेश्वर के सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 80 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में गोचर, कर्णप्रयाग, दशोली, नंदानगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्गों में मुकाबले खेले। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया और अपने अनुभव साझा किए।
आयोजकों के अनुसार, जनपद में ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षकों की ओर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
ताइक्वांडो फेडरेशन चमोली के अध्यक्ष शहवाज ने कहा कि जनपद के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर भी मिलते हैं। उन्होंने बताया कि ताइक्वांडो खेल के साथ आत्मरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ी रिजबा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है।