Home उत्तराखंड रिवर्स पलायन कर गांव लौटे नीरज, एरोपोनिक्स तकनीक से गोपेश्वर में उगा...

रिवर्स पलायन कर गांव लौटे नीरज, एरोपोनिक्स तकनीक से गोपेश्वर में उगा रहे केसर

1
0

चमोली 16 नवम्बर 2026, सू.वि.

**

*रिवर्स पलायन से पहाड़ में स्वरोजगार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पहाड़ के युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रेरित होकर प्रदेश के युवा आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाते हुए पहाड़ में ही रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहे हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

चमोली जनपद के गोपेश्वर निवासी नीरज भट्ट इसकी एक मिसाल बनकर उभरे हैं, जिन्होंने निजी क्षेत्र की नौकरी छोड़कर गांव लौटने का निर्णय लिया और आधुनिक तकनीक से केसर उत्पादन को अपना व्यवसाय बनाया।

बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद नीरज ने निजी कंपनियों में नौकरी की, लेकिन उद्यानिकी के प्रति अपनी रुचि और पहाड़ में ही कुछ नया करने के संकल्प ने उन्हें वापस अपने गृह जनपद लौटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नौकरी छोड़कर खेती को स्वरोजगार का माध्यम बनाने का निर्णय लिया। शुरुआत में लीज पर भूमि लेकर उद्यान विभाग के सहयोग से पॉलीहाउस स्थापित किया और लिलियम फूलों का उत्पादन शुरू किया। इसमें सफलता मिलने के बाद उन्होंने कीवी उत्पादन की दिशा में भी कदम बढ़ाए।

इसी दौरान इंटरनेट के माध्यम से उन्हें एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उत्पादन की जानकारी मिली। इस तकनीक की संभावनाओं को समझते हुए उन्होंने इसके बारे में विस्तार से अध्ययन किया और वर्ष 2024 में गोपेश्वर में ही केसर उत्पादन की शुरुआत कर दी। एरोपोनिक्स जैसी आधुनिक तकनीक को अपनाकर नीरज ने यह साबित किया कि पहाड़ों में पारंपरिक खेती के साथ ही नवाचार आधारित व्यावसायिक खेती की भी अपार संभावनाएं हैं।

नीरज की इस पहल को आगे बढ़ाने में उद्यान विभाग भी सहयोग कर रहा है। केसर उत्पादन यूनिट की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 20 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। योजना के तहत परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान केंद्र सरकार तथा 25 प्रतिशत अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाता है, जबकि शेष धनराशि ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। नीरज को पहली ही फसल में करीब एक लाख रुपये मूल्य की केसर उपज प्राप्त हुई। इसके बाद से वह निरंतर केसर उत्पादन कर रहे हैं।

नीरज भट्ट का मानना है कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा खेती को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं। उनका प्रयास केवल स्वयं का रोजगार स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ के अन्य युवाओं को भी अपने गांव लौटकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नीरज की यह पहल रिवर्स पलायन की उस सोच को मजबूती देती है, जिसमें पहाड़ का युवा अपनी प्रतिभा, शिक्षा और तकनीकी दक्षता का उपयोग अपने ही क्षेत्र के विकास में कर रहा है।