Home उत्तराखंड स्थानीय सुझावों से बनेगी ‘स्मार्ट’ यात्रा व्यवस्था।” — एडीजी ए.पी. अंशुमान

स्थानीय सुझावों से बनेगी ‘स्मार्ट’ यात्रा व्यवस्था।” — एडीजी ए.पी. अंशुमान

5
0

चमोली के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को खुलने जा रहे हैं। इस आध्यात्मिक महापर्व की उलटी गिनती शुरू होते ही शासन-प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में, *बदरीनाथ धाम यात्रा के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी* और *अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान (IPS) महोदय* ने आज जनपद चमोली के प्रवेश द्वार गौचर पहुंचकर व्यवस्थाओं की कमान अपने हाथों में ले ली।

जनपद आगमन एडीजी महोदय को सर्वप्रथम सलामी गार्द द्वारा सलामी दी गई, जिसका उन्होंने मान प्रणाम ग्रहण किया। जनपद के *पुलिस कप्तान सुरजीत सिंह पँवार* ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और यात्रा के लिए अब तक किए गए होमवर्क की संक्षिप्त जानकारी साझा की।

इसके पश्चात, एडीजी महोदय ने सीधे मोर्चे पर उतरकर यात्रा तैयारियों की समीक्षा शुरू की। एक उच्चस्तरीय बैठक में *बीआरओ, आईटीबीपी, नगर पालिका, व्यापार संघ,जनप्रतिनिधियों जिला प्रशासन,पीडब्लूडी, रेलवे और एनएच (NH)* के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।

1- यात्रा मार्ग के सबसे संवेदनशील बिंदु कमेडा में वर्तमान में संचालित एकल मार्ग की स्थिति पर एडीजी महोदय ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कमेडा क्षेत्र में निर्माण कार्य युद्धस्तर पर प्रगति पर है तथा यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व मार्ग को पूर्ण रूप से दो लेन में सुचारु कर दिया जाएगा।इस दौरान पूर्व में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा कमेडा से बद्रीनाथ तक सभी विभागों के साथ किए गए फिजिकल वेरिफिकेशन की सभी उपस्थित अधिकारियों द्वारा सराहना की गई।

2- बैठक के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया कि गौचर से ऊपर का यात्रा मार्ग नदी किनारे से होकर गुजरता है, जहां दुर्घटना की स्थिति में वाहन सीधे अलकनंदा नदी में गिरने का खतरा बना रहता है। साथ ही यह भी बताया गया कि मैदानी क्षेत्रों से फ्लड टीम या गोताखोरों के पहुंचने में विलंब होने के कारण रेस्क्यू कार्य प्रभावित होता है। इस पर एडीजी महोदय यात्रा अवधि के दौरान संवेदनशील स्थानों पर जल पुलिस की विशेष यूनिट तैनात करने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध गोताखोरों की सेवाएं लेने के सुझाव पर सहमति व्यक्त की।

3- स्थानीय व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होने के कारण गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ जाती है, जबकि वर्तमान में मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व की भांति नियमित एवं पर्याप्त आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।इस संबंध में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि आपूर्ति में बाधा की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में केरोसीन (मिट्टी का तेल) की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

4- बैठक के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि बिना रजिस्ट्रेशन आए यात्रियों को जनपद की सीमा से वापस लौटाने की व्यवस्था के कारण स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व की भांति ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था पर भी पुनः विचार किया जाए, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सके तथा स्थानीय व्यापार भी प्रभावित न हो।

5- बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गौचर द्वारा अवगत कराया गया कि गौचर क्षेत्र का स्वरूप तेजी से विस्तारित हो रहा है। वर्तमान में यहां हवाई अड्डा, रेलवे परियोजनाएं, विभिन्न बाहरी कंपनियों के कार्य, आईटीबीपी की उपस्थिति एवं शिक्षण संस्थानों के कारण गतिविधियों में निरंतर वृद्धि हो रही है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसंख्या एवं आवागमन बढ़ने के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की प्रभावी निगरानी एवं त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स हेतु वर्तमान चौकी गौचर को थाना स्तर पर उच्चीकृत किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में एडीजी महोदय से अनुरोध किया गया।

6- एसडीएम कर्णप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में एक ओर चारधाम यात्रा की तैयारियां चल रही हैं तो दूसरी ओर विवाह सीजन भी जारी है, जिसके कारण आवश्यक वस्तुओं की मांग में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा सभी क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।उन्होंने आश्वस्त किया कि यात्रा अवधि के दौरान भी किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी और आमजन व व्यापारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समुचित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

7- एडीजी महोदय ने गौचर स्थित यात्री रजिस्ट्रेशन पॉइंट का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, कतार प्रबंधन और पंजीकरण की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण प्रक्रिया इतनी सुगम होनी चाहिए कि श्रद्धालुओं को कम से कम समय लगे और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके उपरांत *पीपलकोटी में व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों* के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान कुछ बाइकर्स द्वारा रैश ड्राइविंग की जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस पर उन्होंने रैश ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण एवं बिना साइलेंसर (मॉडिफाइड) मोटरसाइकिलों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।

इसके अतिरिक्त यह भी सुझाव दिया गया कि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में सड़क खोलने का कार्य त्वरित गति से किया जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा के दृष्टिगत यह भी प्रस्ताव रखा गया कि रात्रि में यात्री वाहनों के संचालन को नियंत्रित किया जाए। हालांकि जिन यात्रियों की होटल में पूर्व से ऑनलाइन बुकिंग हो, उन्हें आवश्यक सत्यापन के उपरांत गंतव्य तक जाने की अनुमति प्रदान की जाए।

एडीजी महोदय द्वारा सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही एवं समन्वय स्थापित कर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए साथ ही स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया “स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के ये सुझाव यात्रा को सफल बनाने के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। हम तकनीक और स्थानीय अनुभव को जोड़कर एक आदर्श यात्रा व्यवस्था लागू करेंगे।”

इस दौरान उसमान अली(एनएचआईडीसीएल), सोहन सिंह रांगड (उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग),मनोज शाह ( डिप्टी कमांडेंट आईटीबीपी) मनोहर कुमार (ओसी बीआरओ) नगर पालिका अध्यक्ष सन्दीप नेगी, राकेश लिंगवाल( व्यापार संघ गौचर), अरुण मैठाणी( जिला महामंत्री भाजपा), दिनेश चन्द्र मैन्दोली ( प्रधानाचार्य), देवेन्द्र नेगी ( बंड विकास संगठन अध्यक्ष), अतुल शाह ( संरक्षक बंड विकास संगठन), राजदर्शन सिंह ( टैक्सी यूनियन पीपलकोटी), बद्री प्रसाद भट्ट ( व्यापार संघ पीपलकोटी) , अयोध्या प्रसाद हटवाल ( पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख दशोली) , पंंकज पुरोहित ( क्षेत्र पंचायत सदस्य) व अन्य मौजूद रहे।