थराली (चमोली)। चमोली जनपद के थराली में कांग्रेस की ओर से विशाल जनसभा एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी मनोज यादव और सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्रीय जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह एवं गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जनसभा में उमड़ी भीड़ को कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के प्रति जनता की नाराजगी का संकेत बताया।
इस दौरान क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कों, बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता को महंगाई, भर्ती घोटालों और झूठे वादों के अलावा कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग नहीं हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जल, जंगल, जमीन और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भ्रष्टाचार मुक्त, सुरक्षित और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








