Home उत्तराखंड विश्व धरोहर एवं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Valley of Flower पर्यटकों के लिए...

विश्व धरोहर एवं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Valley of Flower पर्यटकों के लिए खुला

2
0

चमोली जनपद स्थित विश्व धरोहर एवं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Valley of Flowers National Park आज से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। प्रत्येक वर्ष की भांति 1 जून से फूलों की घाटी में पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति दी जाती है। घाटी खुलने के पहले ही दिन पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
क्षेत्रीय रेंज अधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि सोमवार सुबह से ही पर्यटकों का पंजीकरण शुरू हो गया था। सुबह 9 बजे तक 65 पर्यटक फूलों की घाटी की सैर के लिए रवाना हो चुके थे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस अनोखी प्राकृतिक धरोहर के दीदार के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
वन विभाग के अनुसार वर्तमान में घाटी में 300 से अधिक प्रजातियों के पुष्प एवं दुर्लभ वनस्पतियां मौजूद हैं। आगामी दिनों में मानसून के प्रभाव के साथ घाटी और अधिक रंग-बिरंगे फूलों से आच्छादित हो जाएगी, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर पहुंच जाएगी।
वन विभाग ने पर्यटकों से घाटी की जैव विविधता और दुर्लभ वनस्पतियों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि फूलों को तोड़ने, कूड़ा फैलाने अथवा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें।
अधिकारी ने बताया कि फूलों की घाटी विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट, स्थानीय मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनी रहे।