चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर चमोली पुलिस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मदन बिष्ट सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि पुलिस के अधिकारी और जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनेक पुलिसकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

क्यों आयोजित होता है स्मृति दिवस
वर्ष 1959 में भारत-चीन सीमा पर लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ हुई मुठभेड़ में 10 पुलिसकर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन वीर जवानों की स्मृति में वर्ष 1960 से प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर शहीद जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया।








