Home उत्तराखंड केदारनाथ धाम यात्रा पर प्रशासन अलर्ट, डीएम–एसपी ने व्यवस्थाओं का किया सघन...

केदारनाथ धाम यात्रा पर प्रशासन अलर्ट, डीएम–एसपी ने व्यवस्थाओं का किया सघन निरीक्षण

5
0

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, सुरक्षा–स्वच्छता से लेकर क्राउड मैनेजमेंट तक हर व्यवस्था पर पैनी नजर

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में धाम क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, विभागीय अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, बीकेटीसी एवं केदार सभा के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

टीम ने मंदिर प्रांगण, आस्था पथ, टोकन काउंटर सहित पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, आवास, शौचालय, खाद्य सामग्री, सुरक्षा, क्यू मैनेजमेंट और क्राउड कंट्रोल व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं और किसी भी यात्री को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सतर्कता बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखें।

मंदिर परिसर के आसपास जमी बर्फ को जल्द हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।

केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन और संबंधित संस्थाएं मिलकर लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि विषम हिमालयी परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और दर्शन सुचारु रूप से हो रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन, केदार सभा और स्थानीय हक-हकूकधारी मिलकर बाबा केदार के सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

प्रशासन की ओर से यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जो व्यवस्थाओं के प्रति उसकी गंभीरता को दर्शाता है।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।