गोपेश्वर। रविवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र गरोड़िया की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि महंगाई पर नियंत्रण के दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों से बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








