चमोली। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आयोजित जनता दरबार में निजमुला घाटी के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बिरही-निजमुला मोटर मार्ग 12 ग्राम पंचायतों और 20 से अधिक गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग है। मार्ग पर स्थित काली चट्टान क्षेत्र में लंबे समय से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे आए दिन यातायात बाधित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में हुई बारिश के कारण भी यह मार्ग पूरे दिन अवरुद्ध रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने ब्रिडकुल अधिकारियों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के त्वरित ट्रीटमेंट के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं तीन दिन के भीतर काली चट्टान क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। साथ ही मानसून के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल पीआरडी जवानों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए।
जनप्रतिनिधियों ने बैठक में बहुप्रतीक्षित झींझी पुल निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई पोखरी के अधिशासी अभियंता को तत्काल तलब कर प्रगति रिपोर्ट मांगी और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने झींझी पुल बाईपास मार्ग को मानसून काल में लगातार सुचारु रखने के भी निर्देश दिए, ताकि पाणा, ईरानी, भनाली और बोना क्षेत्रों के लोगों का आवागमन प्रभावित न हो।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रघुवीर सिंह बिष्ट, पूर्व ग्राम प्रधान मोहन नेगी, भरत राणा, बृज कुमार, महेंद्र नेगी, ग्राम प्रधान झींझी मोहन नेगी, ग्राम प्रधान गोना सुनीता देवी, ग्राम प्रधान गाड़ी मंदोदरी देवी, वीरेंद्र फर्स्वाण, कर्ण सिंह फर्स्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, ग्राम प्रधान ईरानी सीमा नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








